बांसवाड़ा में दिल दहलाने वाली वारदात: 12 साल की मासूम की गला काटकर हत्या, गहने लूटकर फरार हुए लुटेरे
बांसवाड़ा जिले में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लोहारिया थाना क्षेत्र के पालोदा कस्बे में अज्ञात लुटेरों ने घर में घुसकर 12 साल की एक मासूम लड़की की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी।
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लोहारिया थाना क्षेत्र के पालोदा कस्बे में अज्ञात लुटेरों ने घर में घुसकर 12 साल की एक मासूम लड़की की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लुटेरों ने घर को तहस-नहस कर दिया, लेकिन जब उन्हें कुछ कीमती नहीं मिला, तो उन्होंने मासूम के नाक और कान में पहने गहने छीन लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को सदमे में डाल दिया, बल्कि पूरे कस्बे में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना का खौफनाक मंजर
जानकारी के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब लड़की के परिजन खेत में फसल काटने गए थे। दोपहर का समय था और मासूम घर में अकेली थी। इसी दौरान लुटेरे घर में दाखिल हुए और इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। शाम को जब परिजन खेत से लौटे, तो उन्होंने जो देखा, वह किसी भी माता-पिता के लिए सबसे भयावह सपना था। उनकी बेटी का शव रसोई में खून से लथपथ पड़ा था। गले पर गहरे घाव के निशान साफ बता रहे थे कि उसकी हत्या कितनी क्रूरता से की गई। बेटी का शव देखते ही मां दहाड़े मारकर रोने लगी और बेहोश हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर पड़ोसी भी दौड़कर मौके पर पहुंचे।