बीकानेर सड़क हादसे में 7वीं मौत: घायल मासूम तन्वी ने भी तोड़ा दम, परिवार के 7 सदस्यों की मौत
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में कार और डंपर की भीषण टक्कर में घायल मासूम तन्वी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। सोमवार को कार और डंपर की भीषण भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुई मासूम तन्वी ने भी मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। कार में सवार परिवार के सभी सदस्य इस हादसे का शिकार हो गए।
यह दर्दनाक हादसा सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर होटल नजद सिजराल के पास हुआ था। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश सुथार अपने परिवार के साथ मुकाम धाम के दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्विफ्ट डिजायर कार की सामने से आ रहे डंपर से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार चला रहे 60 वर्षीय ओमप्रकाश सुथार, उनकी पत्नी सोरमा देवी, बेटी प्रमिला, दोहिती यशवी, दोहिती खुशी और पोते रोनित की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल तन्वी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।