5 बच्चों की मां बैठी दामाद से दिल लगा, साथ रहने की जिद पर अड़े दोनों
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 35 वर्षीय सास अपने ही 19 साल के दामाद के प्यार में पड़ गई। महिला के 5 बच्चे हैं। जानिए इस अनोखी प्रेम कहानी की पूरी डिटेल।



उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक हैरान करने वाली प्रेम कहानी सामने आई है। जिस दामाद के साथ मां ने अपनी बेटी की शादी कराई थी, उसी के साथ वह अपना दिल लगा बैठी। 35 वर्षीय सास और 19 साल के दामाद के बीच इश्क का ऐसा खुमार चढ़ा कि दोनों अब परिवार और समाज की परवाह छोड़ एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खा रहे हैं।
डेढ़ महीने पहले फोन से शुरू हुई लव स्टोरी
जानकारी के मुताबिक, महिला मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि उसका दामाद कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सोनई अशोकपुर का निवासी है। दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला करीब डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ था। धीरे-धीरे यह बातचीत प्यार में बदल गई। जब तक परिवार वालों को दोनों की नजदीकियों की भनक लगती, तब तक बात काफी आगे बढ़ चुकी थी।
दामाद की शर्त: '5 बच्चों को भी अपनाने को तैयार'
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात दामाद का बयान है। 19 साल के युवक का कहना है कि भले ही कागजों (आधार कार्ड) में उसकी उम्र कम हो, लेकिन वह अपनी सास के साथ ही अपना जीवन बिताना चाहता है। हद तो तब हो गई जब दामाद ने अपनी सास के पांचों बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की भी रजामंदी दे दी। दूसरी तरफ सास भी अपने दामाद के प्यार में इस कदर दीवानी है कि वह उसके साथ रहने के लिए रो-तड़प रही है।
परिजनों का हंगामा और पुलिस की एंट्री
इस अफेयर की भनक लगते ही परिवार में भूचाल आ गया। महिला के अपने बच्चों ने भी इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। हाल ही में जब यह जोड़ा मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर स्थित एक रिश्तेदार के घर पहुंचा, तो महिला के बच्चे भी वहां आ धमके। वहां जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ और हंगामा कट गया। बवाल बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और दोनों के बीच के रिश्तों की सच्चाई का पता लगा रही है।
अलीगढ़ के चर्चित 'सास-दामाद कांड' की याद हुई ताजा
मैनपुरी की इस घटना ने लोगों को अप्रैल 2025 में हुए अलीगढ़ के बहुचर्चित 'सास-दामाद कांड' की याद दिला दी है। उस वक्त मडराक इलाके की रहने वाली सपना अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हो गई थी। परिवार के लाख समझाने के बाद भी दोनों नहीं माने थे और यूपी छोड़कर बिहार के सीतामढ़ी में जाकर बस गए थे। अब मैनपुरी के इस नए मामले को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इस पर तरह-तरह की चुटकियां ले रहे हैं।












































