जंतर-मंतर से अभिजीत दीपके को उठाया, संसद के बाहर पुलिस का बड़ा एक्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला।
03:35 PM CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली में गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) प्रमुख और दिल्ली पुलिस कमिश्नर की उच्चस्तरीय बैठक जारी है। सुरक्षा व्यवस्था और मौजूदा हालात पर मंथन किया जा रहा है।
03:25 PM आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग न करने और युवाओं की मांगों को सुनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार को अहंकार छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए।
03:18 PM पुलिस ने संसद मार्ग और आसपास के इलाकों से हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा है। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ और चेतावनी के बाद उन्हें छोड़ा जा सकता है। साथ ही उनके बैकग्राउंड की भी जांच की जा रही है।
03:12 PM CJP ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके बाल खींचे गए। संगठन का दावा है कि इस दौरान एक 12 वर्षीय बच्ची समेत कई लोग घायल हुए हैं।
03:07 PM दिल्ली पुलिस का दावा है कि संसद मार्ग पर झड़प के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
02:56 PM गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, जूनागढ़ और भावनगर में भी सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन हुए। अहमदाबाद में बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।
02:30 PM संसद भवन के पास RBI के नजदीक से CJP के 7 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
01:10 PM CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा है कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
01:05 PM संसद भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है।
01:02 PM CJP के प्रदर्शन के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब प्रदर्शनकारी लगातार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
12:58 PM सरकार के साथ बातचीत शुरू होने के बाद CJP ने अपना 'चलो संसद' मार्च फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की बातचीत पूरी होने तक मार्च स्थगित रहेगा।
12:53 PM अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है और प्रदर्शन पहले की तरह जारी रहेगा।
12:45 PM NEET पेपर लीक विवाद को लेकर बिहार विधानसभा परिसर में भी विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
11:55 AM CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। आंदोलन जारी रहने के बीच यह बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है, जबकि संगठन का प्रदर्शन और संसद मार्च अब भी जारी है।
11:30 AM सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने अस्पताल से पत्र लिखकर मांग की है कि उन्हें CJP के संसद मार्च में शामिल होने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़ना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और उन्हें मार्च में शामिल होने दिया जाना चाहिए।
11:27 AM CJP के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली का जनपथ मार्केट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।
11:18 AM जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर बढ़ाई गई सुरक्षा के कारण नोएडा-दिल्ली रूट पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। पुलिस की सघन जांच के चलते कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
11:05 AM CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को बातचीत के लिए डिप्टी कमिश्नर कार्यालय ले जाया गया है। संगठन का कहना है कि सरकार की ओर से बातचीत शुरू हो चुकी है और वे सकारात्मक समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
11:00 AM दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल लाठीचार्ज और हिरासत की खबरों को खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर किसी तरह की हिंसा नहीं हुई है और पूरे हालात को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
10:55 AM NEET पेपर लीक के विरोध में पिछले एक महीने से जारी आंदोलन में प्रदर्शनकारी अब भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र और युवा मौजूद हैं।
10:45 AM सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं, हालांकि कुछ मेडिकल जांचों की लगातार निगरानी की जा रही है।
10:35 AM AISA के तीन छात्र नेताओं ने 23 दिनों बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं, सोनम वांगचुक का अनशन अभी भी जारी है।
10:30 AM सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि एक बार फिर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची हैं। उन्होंने अस्पताल में इलाज और वांगचुक की कथित हिरासत को लेकर अदालत से हस्तक्षेप की मांग की है।
10:20 AM जंतर-मंतर और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और RAF के जवान तैनात हैं, जबकि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली में सोमवार को जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। कुछ लोगों के सिर फूटने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि 30 से 35 हजार प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च करने के लिए जंतर-मंतर पर जुटे थे। इनमें से कई लोग बैरिकेडिंग पार कर संसद मार्ग की ओर बढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर दिल्ली पुलिस और RAF के जवानों की भारी तैनाती की गई।
इस बीच 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए तीन शर्तें रखीं। उन्होंने मांग की कि सरकार शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक जैसे मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करे। दूसरी शर्त के तहत CJP के प्रतिनिधिमंडल को संसद जाकर अपनी बात रखने की अनुमति दी जाए और सांसद इस मुद्दे को संसद में उठाने का भरोसा दें। तीसरी शर्त में कहा गया कि यदि स्वास्थ्य कारणों से वे संसद नहीं जा सकते, तो सांसद अस्पताल पहुंचकर यही आश्वासन दें।