"राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1.0: निवेशकों की अनदेखी पर भजनलाल शर्मा की दो टूक, 'फोन नहीं उठाने वालों की बनेगी लिस्ट'"
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - जयपुर, 31 मार्च 2025: राजस्थान की राजधानी जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में सोमवार को "राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1.0" कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों के साथ संवाद किया और राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। हालांकि, उन्होंने कुछ निवेशकों की अनदेखी पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि जो लोग सरकार के फोन और ईमेल का जवाब नहीं दे रहे हैं, उन्हें चिह्नित किया जाएगा।
निवेशकों को सीएम की खरी-खरी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, "कई निवेशक ऐसे हैं, जिन्हें हम फोन कर रहे हैं तो फोन नहीं उठा रहे। ईमेल कर रहे हैं तो उसका जवाब नहीं दे रहे। ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा और उनकी सूची तैयार की जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "हम तो सभी का स्वागत कर रहे हैं, लेकिन लोग जवाब नहीं दे रहे। इससे उनका भी समय खराब हो रहा है और हमारा भी समय खराब होता है। अगर ऐसे लोगों के दोबारा एमओयू के लिए नाम आए तो ध्यान रखा जाएगा।" सीएम का यह बयान उन निवेशकों के लिए साफ संदेश था जो राज्य सरकार के साथ सहयोग में ढिलाई बरत रहे हैं।