"वोट की कीमत सोनोग्राफी मशीन: बाड़मेर अस्पताल में डॉक्टर की टिप्पणी से मचा बवाल, रविंद्र सिंह भाटी ने लिखा पत्र"
बाड़मेर जिला अस्पताल में एक मरीज को सोनोग्राफी मशीन न होने के कारण डॉक्टर ने तंज कसा, जिसका वीडियो वायरल हुआ। मरीज ने बताया कि उसने विधायक रविंद्र सिंह भाटी को वोट दिया था, तो डॉक्टर ने कहा, "भाटी से मशीन लगवाओ।"
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिला अस्पताल में एक मरीज के साथ हुई घटना ने सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया है। एक वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि एक मरीज जब सोनोग्राफी करवाने के लिए अस्पताल पहुंचा, तो वहां मौजूद डॉक्टर ने उससे पूछा, "वोट किसे दिया था?" मरीज ने जवाब दिया कि उसने शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी को वोट दिया था। इस पर डॉक्टर ने तंज कसते हुए कहा, "रविंद्र सिंह भाटी को बोलो, वही मशीन लगाएंगे।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की।
इस घटना के बाद शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को एक पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने बाड़मेर जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन की कमी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मशीन उपलब्ध करवाने की मांग की है।
