अलवर जिले के नौगावा कस्बे में लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन गई। चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन के पास पेट्रोल से भरी बोतल रखने से अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नौगावा निवासी 22 वर्षीय पंकज जाटव शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी कर रहा था और उसका मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। पास में ही पेट्रोल से भरी एक बोतल रखी हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, युवक अपने दोस्त को पेट्रोल देने के लिए बोतल घर लेकर आया था। दोस्त के आने से पहले उसने बोतल को कमरे में ही मोबाइल चार्जिंग पॉइंट के पास रख दिया। खाना खाते समय वह फोन भी चला रहा था।
इसी बीच अचानक तेज स्पार्किंग हुई और पेट्रोल की बोतल में धमाका हो गया। धमाके के साथ आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि उसके शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा जल गया है।घायल की मां ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।