बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र से शनिवार की शाम एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्राम पंचायत 34 KYD के अंतर्गत चक 33 KYD स्थित वन विभाग के क्षेत्र (रोही/नर्सरी) में ननद और भाभी ने एक ही पेड़ पर चुन्नी से फंदा लगाकर एक साथ आत्महत्या कर ली। दोनों महिलाओं के शव पेड़ से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 

मृतकों की पहचान विवाहिता रत्नी देवी नायक (19 वर्ष) और माया नायक (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में ननद-भाभी का रिश्ता रखती थीं। घटना देर शाम की बताई जा रही है, जब दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी का इस्तेमाल करके फंदा बनाया और एक ही पेड़ से लटककर जीवन समाप्त कर लिया।

पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही खाजूवाला पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम में शामिल थे:खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला, थानाधिकारी प्रशिक्षु RPS रोहित चौधरी, ASI मांगीलाल गोदारा, हेड कॉन्स्टेबल खिंयाराम, कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश चौधरी, इसके अलावा ग्राम पंचायत 40 KYD के सरपंच रामेश्वरलाल गोदारा और 34 KYD के सरपंच मांगीलाल मेघवाल भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने शवों को सुरक्षित नीचे उतारा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शुरुआती जांच में क्या सामने आया?

पुलिस की प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है। परिवार में किसी प्रकार का तनाव या कलह इतना गहरा हो गया था कि दोनों महिलाएं इस कदम तक पहुंच गईं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआती आकलन है। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से सभी संभावित सबूत जुटाए जा सकें और कोई छिपा हुआ पहलू न छूटे।