राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के नाहरगढ़ थाना इलाके में स्थित तालकटोरा तालाब में रविवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतका दो दिन पहले ही अपने घर से लापता हो गई थी।

दो दिन से लापता थी युवती

नाहरगढ़ थाना प्रभारी (SHO) भंवर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान गणगौरी बाजार निवासी कशिश कंवर (25) के रूप में हुई है। कशिश 28 अगस्त की रात को अचानक घर से कहीं चली गई थी, जिसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे परिजनों ने नाहरगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को इसके बारे में सूचना दी थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने तालकटोरा में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।

3 साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग, प्रेमी पर गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों ने नाहरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दी है। परिजनों का आरोप है कि कशिश का पिछले 3 साल से इलाके के ही रहने वाले रवि जड़ेजा नाम के युवक के साथ अफेयर चल रहा था। परिवार को जब इस बात का पता चला, तो उन्होंने रवि और उसके परिजनों को समझाया भी था कि वह कशिश से दूर रहे। परिवार का सीधा आरोप है कि रवि की प्रताड़ना और उकसाने के कारण ही कशिश ने तालाब में कूदकर अपनी जान दी है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव की शिनाख्त होने के बाद उसे सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की तलाश व मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।