राजस्थान से एक बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है। एक 45 वर्षीय अधेड़ ने 19 साल की युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसे भगाकर गुजरात ले गया। जब युवती की तबीयत बिगड़ी, तो आरोपी प्रेमी उसे सूरत के एक अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है। आरोपी लगातार युवती के परिवार वालों को झूठी कहानियां बनाकर गुमराह करता रहा।

बाड़मेर के गुड़ामालानी से शुरू हुआ घटनाक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी गांव की रहने वाली थी। आरोपी 45 वर्षीय दिलीप करीब चार दिन पहले इस 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। दोनों सबसे पहले अहमदाबाद पहुंचे और वहां से सूरत आ गए। सूरत में आरोपी दिलीप युवती के साथ अपने एक दोस्त के घर पर रुका हुआ था।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में छोड़ा और हुआ फरार

दोस्त के घर पर रुकने के दौरान अचानक युवती की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। हालत खराब होने पर दिलीप उसे लेकर सूरत के स्मीमेर (SMIMER) अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दिलीप ही युवती को लेकर आया था और उसने ही उसे भर्ती कराया। लेकिन, भर्ती कराने के बाद वह युवती को अकेला छोड़कर वहां से रफूचक्कर हो गया। तीन दिन तक अस्पताल में युवती के पास परिवार का कोई सदस्य नहीं था। लगातार गंभीर बनी हुई हालत के चलते मंगलवार शाम युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

परिवार को करता रहा गुमराह: कभी बताया हादसा, तो कभी डिलीवरी का बहाना

मृतका के रिश्तेदार दियाराम कुमावत ने बताया कि आरोपी दिलीप लगातार परिवार को गुमराह कर रहा था। वह परिजनों को मैसेज भेजकर कभी कहता कि एक्सीडेंट हो गया है, तो कभी डिलीवरी केस की झूठी बात बताता था। परिवार का आरोप है कि दिलीप ने उन्हें वास्तविक स्थिति से पूरी तरह अनजान रखा। परिजनों का कहना है कि अगर उन्हें समय पर सही जानकारी मिल जाती, तो वे समय रहते युवती तक पहुंच सकते थे।

यौन उत्पीड़न की आशंका, विसरा जांच के लिए भेजा गया

राजस्थान पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में यौन उत्पीड़न के संकेत भी मिले हैं। हालांकि, पोस्टमॉर्टम (PM) करने वाले डॉ. संदीप गलोटी ने बताया कि शुरुआती तौर पर युवती की मौत प्राकृतिक लग रही है और उसे एनीमिया (खून की कमी) की शिकायत थी। लेकिन, मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए विसरा के सैंपल फोरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेज दिए गए हैं ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।

आरोपी का पुराना इतिहास: पहले भी कई युवतियों को फंसा चुका है

परिजनों ने आरोपी दिलीप पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दिलीप पहले भी कई युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसा चुका है। इस बार उसने 19 साल की मासूम को अपना शिकार बनाया और उसे मौत के मुंह में धकेल दिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। राजस्थान से युवती को ले जाने, अहमदाबाद से सूरत पहुंचने और अस्पताल में उसे छोड़कर भागने तक की पूरी कड़ी को जोड़ा जा रहा है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी दिलीप की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।