जयपुर। राजधानी जयपुर में शादी के महज साढ़े तीन महीने बाद एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और लाखों रुपए की ज्वेलरी व नकदी लेकर फरार होने का मामला दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर दूसरे युवकों को अश्लील फोटो-वीडियो भेजती थी, होटलों में मिलने के लिए बुलाती थी और पैसों का लेनदेन भी करती थी। विरोध करने पर वह परिवार की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
मालपुरा गेट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैट्रिमोनियल वेबसाइट से हुई थी मुलाकात
31 वर्षीय युवक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह कनाडा से पढ़ाई पूरी कर भारत लौटा था। मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई। दोनों परिवारों की मुलाकात 14 फरवरी 2026 को दिल्ली में हुई और रिश्ता तय हो गया। बिना दहेज के शादी करने का निर्णय लिया गया और 26 मार्च 2026 को जयपुर के जगतपुरा में दोनों का विवाह हुआ।
युवक का कहना है कि शादी के दौरान ही लड़की पक्ष का व्यवहार संदिग्ध लगा। शादी में केवल 8-9 लोग ही शामिल हुए, जबकि पहले 80 मेहमान आने की बात कही गई थी। शादी के कार्ड भी नहीं छपवाए गए और सभी रस्में जल्दबाजी में पूरी कराई गईं।
शादी के बाद बदल गया पत्नी का व्यवहार
रिपोर्ट के अनुसार शादी के कुछ ही दिनों बाद पत्नी ने महंगे गिफ्ट, कीमती मोबाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल की मांग शुरू कर दी। युवक का आरोप है कि पत्नी ने कहा कि जब तक उसकी सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, वह पति के करीब नहीं आएगी। इसके बाद उसने 82,500 रुपए का आईफोन-17 खरीदकर दिया।
इंडोनेशिया हनीमून पर भी हुआ विवाद
युवक ने बताया कि पत्नी विदेश घूमने की जिद करने लगी। उसकी इच्छा पर इंडोनेशिया में सात दिन का हनीमून प्लान बनाया गया, जिसे बाद में दस दिन का करना पड़ा। यात्रा से पहले करीब 50 हजार रुपए के कपड़े और महंगे गिफ्ट भी खरीदे गए।
आरोप है कि इंडोनेशिया पहुंचते ही पत्नी नाराज हो गई और कहने लगी कि उसे स्विट्जरलैंड जाना था। उसने क्लब, शराब और नॉनवेज पार्टी की मांग की। मना करने पर पति को शारीरिक संबंध नहीं बनाने देने की धमकी दी।
परिवार से अलग रहने और संपत्ति की जानकारी मांगने लगी
जयपुर लौटने के बाद पत्नी लगातार पति से उसके पिता की संपत्ति, मकान और निवेश की जानकारी लेने लगी। उसने परिवार से अलग रहने का दबाव बनाया और कथित रूप से पति के संस्कारों तथा रहन-सहन का मजाक उड़ाया।
युवक का आरोप है कि पत्नी कहती थी कि वह "दिल्ली की मॉडर्न लड़की" है और क्लबिंग, शराब तथा अपने महंगे शौक नहीं छोड़ेगी।
मोबाइल चेक करने पर मिले कथित अश्लील चैट
युवक ने बताया कि 6 मई की रात उसने पत्नी का मोबाइल देखा। उसके अनुसार इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर कई युवकों के साथ अश्लील चैट, न्यूड फोटो और वीडियो मिले। चैट में कथित तौर पर गाजियाबाद, गुरुग्राम और अन्य शहरों के होटलों में मिलने तथा पैसों के लेनदेन का भी जिक्र था।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पत्नी के बैंक खाते में कई युवकों से रकम ट्रांसफर हुई थी। एक दिन में करीब 99 हजार रुपए आने का रिकॉर्ड भी देखने का आरोप लगाया गया है।
जब इस बारे में सवाल किया गया तो पत्नी ने पहले उन लोगों को अपना दोस्त बताया। बाद में कथित रूप से कहा कि यह उसके पिता की "काली कमाई" है, जिसे उसके खातों के जरिए ट्रांसफर किया जाता है। युवक का आरोप है कि पत्नी ने उसे जान से मारने तक की धमकी दी।
झगड़े के बाद पिता के साथ चली गई
पीड़ित के अनुसार विवाद बढ़ने पर पत्नी ने अपने पिता को जयपुर बुला लिया। इसके बाद वह अपने पिता के साथ घर छोड़कर चली गई। अलमारी की जांच करने पर 33 तोला सोना, 300 ग्राम चांदी के गहने, डायमंड और पन्ने की अंगूठी सहित करीब 6 लाख रुपए नकद गायब मिले।
युवक का दावा है कि जब वह पत्नी और उसके परिवार की तलाश में बताए गए पते पर पहुंचा तो मकान बंद मिला। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार वहां मौजूद नहीं है। जिन स्थानों पर नौकरी करने का दावा किया गया था, वहां भी उनका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
संपत्ति नाम कराने की धमकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी लगातार फोन पर उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। उसने कथित रूप से कहा कि पूरी संपत्ति उसके नाम कर दी जाए, अन्यथा पूरे परिवार पर गंभीर मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे।
युवक ने बताया कि इन घटनाओं के बाद वह मानसिक तनाव में आ गया और उसे डिप्रेशन की दवाइयां तक लेनी पड़ रही हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मालपुरा गेट थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पति-पत्नी के बीच विवाद और धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।