राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी क्षेत्र के लिवाली गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि 500 रुपये चोरी होने के संदेह में दो शिक्षिकाओं ने कक्षा 9 और 11 की छात्राओं को एक कमरे में बंद कर निर्वस्त्र कर उनकी तलाशी ली। घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और स्कूल परिसर में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
500 रुपये गुम होने के बाद छात्राओं पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार, स्कूल की एक शिक्षिका के 500 रुपये क्लासरूम में कहीं गुम हो गए थे। काफी तलाश करने के बावजूद रुपये नहीं मिले तो शिक्षिका को कुछ छात्राओं पर चोरी का संदेह हुआ। आरोप है कि इसी शक के आधार पर दो शिक्षिकाओं ने कक्षा 9 और 11 की छात्राओं को एक कमरे में बुलाकर उनकी तलाशी ली। छात्राओं का आरोप है कि तलाशी के दौरान उन्हें निर्वस्त्र किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से बेहद आहत हुईं।
घर पहुंचकर छात्राओं ने सुनाई आपबीती
स्कूल से घर लौटने के बाद छात्राओं ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। यह बात गांव में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। अभिभावकों और ग्रामीणों ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्कूल पर जड़ा ताला, मौके पर पहुंचा प्रशासन
ग्रामीणों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। सूचना मिलने पर बामनवास की कार्यवाहक सीबीईओ प्रतिभा मीणा और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्राओं और ग्रामीणों से बातचीत की, बच्चियों के बयान दर्ज किए और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए।
एक शिक्षिका निलंबित, दूसरी कार्यमुक्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में कार्यरत वरिष्ठ अध्यापिका (हिन्दी) सरस्वती मीणा को राजस्थान सिविल सेवा नियम-1958 के नियम 13 के तहत निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें धौलपुर जिले के राजाखेड़ा स्थित सीबीईओ कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी।
इसके अलावा व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी कार्यमुक्त कर दिया गया है।
जांच जारी, आगे हो सकती है सख्त कार्रवाई
शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि छात्राओं और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।