देशभर में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश तक भारी बारिश, बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगह सड़कें बंद हैं, नदियां उफान पर हैं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।

सबसे ज्यादा तबाही जम्मू-कश्मीर में देखने को मिली है। शनिवार रात पुंछ और किश्तवाड़ जिलों में बादल फटने और भारी बारिश के बाद आई बाढ़ व भूस्खलन में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

पुंछ में मकान पर गिरा मलबा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

पुंछ के सुरनकोट इलाके में भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे में दब गया। उस समय घर में आठ लोग मौजूद थे। राहत टीमों ने मलबे से दो साल के मासूम समेत पांच लोगों के शव बरामद किए हैं। अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है।

किश्तवाड़ और राजौरी में भारी नुकसान

किश्तवाड़ के सुर्नू इलाके में बादल फटने से कई घरों और खेतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं राजौरी में लगातार बारिश के बाद धारहाल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे करीब 200 से 250 वाहन तेज बहाव में बह गए। कई सड़कें और पुल भी प्रभावित हुए हैं।

उत्तराखंड में रुकी केदारनाथ और कैलाश-मानसरोवर यात्रा

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। वहीं पिथौरागढ़ में गरबाधार क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कैलाश-मानसरोवर यात्रा का चौथा जत्था धारचूला बेस कैंप में रोक दिया गया है।

नगालैंड और अरुणाचल में भी हालात गंभीर

नगालैंड के मोन जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से 10 से 15 घर दब गए हैं। एनडीआरएफ, असम राइफल्स और पुलिस राहत एवं बचाव अभियान चला रही है।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बाढ़ से अब तक 7 लोगों की मौत, 29 लोग घायल और करीब 1.49 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के 26 जिले, 328 सर्किल और 576 गांव बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर में लगातार राहत अभियान

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज इलाके में बादल फटने से सड़क का हिस्सा बह गया और एक पशुशाला क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं जम्मू की तवी नदी में फंसे युवकों को पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

IMD का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अन्य कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी है।

पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।