आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हराया। बर्मिंघम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
भारत की इस बड़ी जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 10 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
दीप्ति और स्मृति पर क्या बोलीं हरमनप्रीत?
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी दबाव भरे हालात में टीम को संभालने का हुनर रखती हैं।
हरमनप्रीत ने कहा, “दीप्ति और स्मृति ऐसी खिलाड़ी हैं जो मुश्किल समय में हमेशा टीम के लिए खड़ी रहती हैं। जब भी हमें उनकी जरूरत होती है, वे जिम्मेदारी उठाती हैं और टीम को आगे बढ़ाती हैं। आज दोनों ने जिस तरह प्रदर्शन किया, उससे मैं बेहद खुश हूं।”
शुरुआती झटकों के बाद संभाली पारी
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण साझेदारी की।
स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 36 रन का योगदान दिया। अंत में ऋचा घोष ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम का स्कोर 170 तक पहुंचाया।
गेंदबाजों ने पाकिस्तान को किया बेबस
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत में लय में दिखी, लेकिन पांचवें ओवर के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। विकेटों का सिलसिला ऐसा शुरू हुआ कि पाकिस्तान की टीम संभल ही नहीं सकी।
दीप्ति शर्मा ने 17वें ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी का अंत किया। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया।
अब नीदरलैंड्स से होगी भिड़ंत
भारतीय टीम अब 17 जून को अपने अगले मुकाबले में नीदरलैंड्स का सामना करेगी। इसके बाद टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों से भी भिड़ना है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ मिली यह जीत भारत के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।