टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट और भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर वापसी करने जा रहे हैं। नीरज 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे, जहां से वे अपने नए सीजन की शुरुआत करेंगे।

पिछले साल विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के बाद नीरज चोट के कारण लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से दूर रहे। टोक्यो ओलंपिक के दौरान लगी पीठ की चोट से उबरने के बाद अब वे पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की टीम में उन्हें प्रोविजनली शामिल किए जाने के बाद यह उनके लिए एक बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है। AFI सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन अदिले सुमरिवाला के अनुसार, नीरज पूरी तरह रिकवर हो चुके हैं और जल्द ही प्रतियोगिताओं में वापसी करेंगे।

हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स में जगह पक्की करने के लिए नीरज को भी 82.61 मीटर का क्वालिफिकेशन मार्क पार करना होगा। AFI ने स्पष्ट किया है कि चयन सभी खिलाड़ियों के लिए समान मानकों के आधार पर ही होगा।

दोहा नीरज चोपड़ा के लिए हमेशा खास रहा है। पिछले साल इसी मैदान पर उन्होंने पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। इस बार भी उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, हालांकि मुकाबला बेहद कड़ा रहने वाला है।

इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई शीर्ष जेवलिन थ्रोअर हिस्सा लेंगे, जिनमें विश्व नंबर-1 रुमेश पथिराजे, पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, केशोर्न वालकॉट, जूलियस येगो और याकूब वाडलेज जैसे दिग्गज शामिल हैं।