पाली जिले में एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहे एक युवक की मौत हो गई। युवक तीसरी मंजिल से करीब 35 फीट नीचे गिर गया और उसके ऊपर दीवार भी आ गिरी, जिससे उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई।

 

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया 25 वर्षीय नितेश पुत्र गुलाबराम, जो गुड़ा एंदला क्षेत्र के बालराई गांव का रहने वाला था, शुक्रवार को ढोला गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहा था। उस समय मकान की तीसरी मंजिल पर आरसीसी भरने का काम चल रहा था।

इसी दौरान अचानक तीसरी मंजिल की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से नितेश का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सिर के बल लगभग 35 फीट नीचे जमीन पर आ गिरा। हादसे के दौरान गिरी हुई दीवार का मलबा भी उसके ऊपर आ गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं, खासकर उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और लोगों ने तुरंत उसे संभाला और इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।