डूंगरपुर शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शहर के शास्त्री कॉलोनी रोड पर बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर मेवाड़ फर्नीचर के सामने सुबह करीब 8 बजे हुआ। बस की टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए और बस का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक को दूसरी लेन से डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रित किया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों शवों को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
कोतवाली थाना के एसआई भरत मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेश (29) पुत्र मणिलाल खटीक निवासी खेरवाड़ा और गोपाल खटीक (30) पुत्र रामचंद्र खटीक निवासी सलूंबर के रूप में हुई है। गोपाल, नरेश के मामा का बेटा था। दोनों इन्द्रखेत गांव में नरेश के चाचा लक्ष्मण पुत्र लालजी खटीक के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक अंतिम संस्कार के लिए शव को पहनाने वाले कुर्ते पर प्रेस करवाने के उद्देश्य से बाइक से डूंगरपुर शहर आए थे। प्रेस करवाने के बाद जब वे वापस इन्द्रखेत लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया। घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
परिजनों ने बताया कि नरेश ने बीएससी तक पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के साथ फल-फ्रूट के ठेले पर काम करता था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई और चार बहनें हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं, फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।