राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार (28 सितंबर) को प्रदेश के 13 से 17 जिलों में तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
श्रीगंगानगर में सुबह ही छा गया रात जैसा अंधेरा
सोमवार सुबह मौसम में सबसे बड़ा बदलाव श्रीगंगानगर में देखने को मिला। यहाँ सुबह करीब 9:22 बजे अचानक तेज आंधी उठी, जिससे आसमान में धूल के गुबार छा गए और दिन में ही रात जैसा अंधेरा हो गया। इसके बाद इलाके में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बीकानेर, सीकर और चूरू में गिरे ओले, फतेहपुर में 23MM बारिश
इससे पहले रविवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का कड़ा असर दिखा। बीकानेर के महाजन फील्ड, लूणकरणसर, और श्रीडूंगरगढ़ समेत चूरू के सुजानगढ़ में तूफानी बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। शेखावाटी अंचल की बात करें तो सीकर के फतेहपुर में रविवार शाम तेज हवाओं के साथ 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लंबे समय से उमस झेल रहे सीकरवासियों को इस आधे घंटे की बारिश ने बड़ी राहत दी।
कैसा रहा राजधानी जयपुर और अन्य शहरों का हाल?
-
जयपुर: राजधानी में रविवार दिनभर मौसम शुष्क रहा और अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री रहा। लेकिन देर रात मौसम ने पलटी मारी और गलताजी समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे रात में हल्की ठंडक महसूस की गई। आज भी यहाँ बादल छाए रहने का अनुमान है।
-
अलवर और उदयपुर: अलवर में रविवार शाम 5 बजे के बाद अचानक काले बादल छाए और बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। वहीं झीलों की नगरी उदयपुर में भी तापमान 1.8 डिग्री लुढ़ककर 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
-
कोटा और अजमेर: अजमेर में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं (न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री), जबकि कोटा में 33.7 डिग्री तापमान के साथ उमस का दौर अभी भी बरकरार है।
फलोदी रहा सबसे गर्म, पश्चिमी राजस्थान में मिला-जुला असर
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान फलोदी (40.2 डिग्री) में दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर का पारा 4 डिग्री गिरकर 36.8 डिग्री पर आ गया। सोमवार को बीकानेर, चूरू, नागौर, डीडवाना-कुचामन, और हनुमानगढ़ जैसे पश्चिमी इलाकों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, बाड़मेर, जोधपुर और जालौर जैसे पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और यहाँ 33 से 36 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच लोगों को उमस झेलनी पड़ सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम? (29 सितंबर से 3 अक्टूबर का पूर्वानुमान)
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 29 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगना शुरू हो जाएगा। कुछ एक स्थानीय जगहों को छोड़कर मौसम साफ रहेगा। वहीं, 30 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच पूरे राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इसके चलते पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में एक बार फिर तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ सकता है।