राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक दुर्लभ और खुशी भरी खबर सामने आई है। शहर के राजकीय जनाना अस्पताल में 25 वर्षीय महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए हुई इस दुर्लभ डिलीवरी के बाद अस्पताल में खुशी का माहौल है। डॉक्टरों के अनुसार प्रसूता की हालत पूरी तरह स्थिर है, जबकि कम वजन के कारण चारों नवजातों को नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती कर उनकी विशेष निगरानी की जा रही है।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शहर निवासी ज्योति कश्यप (25), पत्नी अरुण कश्यप (32), का सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की टीम ने सुरक्षित प्रसव कराया और महिला ने तीन बेटियों तथा एक बेटे को जन्म दिया।
नवजातों के पिता अरुण कश्यप, जो स्वयं राजकीय जनाना अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने एक बेटी की उम्मीद की थी, लेकिन भगवान ने उन्हें तीन बेटियां और एक बेटा दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी मिला है, वह भगवान का आशीर्वाद है और पूरा परिवार बेहद खुश है। अरुण और ज्योति की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। दोनों का पहले से पांच साल का एक बेटा हर्ष है। यह ज्योति की दूसरी डिलीवरी थी, जो अब पूरे परिवार के लिए यादगार बन गई है।
चार बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल और परिवार में खुशी का माहौल बन गया। रिश्तेदार, पड़ोसी और परिचित अस्पताल पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनके कार्यकाल में यह पहला मामला है, जिसमें एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर ऐसे मामले बेहद दुर्लभ होते हैं और लगभग 24 हजार प्रसव में एक बार इस तरह की स्थिति देखने को मिलती है। फिलहाल मां और चारों नवजात डॉक्टरों की निगरानी में हैं तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक बनी हुई है।