राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के मंडावर ग्राम पंचायत के दूंगला की गुवार गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक अधजली अवस्था में महिला का शव मकान के पीछे एकांत में दफन किया हुआ मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलने पर एएसपी महेंद्र कुमार, डीएसपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को देवगढ़ चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान 65 वर्षीय सोहनी देवी के रूप में हुई है, जो गांव में अकेली रहती थीं और बीते कुछ दिनों से लापता थीं। ग्रामीणों के अनुसार, जब कुछ लोग कचरा फेंकने मकान के पीछे पहुंचे तो वहां एक हाथ बाहर निकला हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना तुरंत सरपंच को दी गई, जिन्होंने पुलिस को खबर दी।

पुलिस के अनुसार महिला के साथ लूट की वारदात के बाद हत्या की आशंका है। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाकर गड्ढे में दफना दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।