अलवर: SI भर्ती परीक्षा देने के बाद एक युवक द्वारा दुखद कदम उठाने का मामला सामने आया है। युवक का शव अलवर जिले के करणपुर रेलवे स्टेशन के पास जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भरतपुर जिले के रुदावल थाना क्षेत्र के नारोली गांव निवासी पिंटू जाटव (24) के रूप में हुई है। युवक के पास एक बैग मिला, जिसमें SI परीक्षा का एडमिट कार्ड और सॉल्व पेपर रखा हुआ था। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिस पर परिजनों के लगातार कॉल आ रहे थे।
रेणी थाना SHO बने सिंह ने बताया कि युवक SI भर्ती परीक्षा देने के बाद ट्रेन से भरतपुर से दौसा जा रहा था। इसी दौरान वह अलवर के करणपुर रेलवे स्टेशन पर बीच रास्ते उतर गया।सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने जंगल में पेड़ पर युवक को लटका हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रेणी अस्पताल भिजवाया।पुलिस ने मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।