दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए विनाशकारी 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 4300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हजारों बचावकर्मी अब भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

39 हजार से ज्यादा लोग लापता

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब भी करीब 39 हजार लोग लापता हैं। कई इमारतों के मलबे से लोगों की आवाजें सुनाई देने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

राष्ट्रीय अवकाश होने से बढ़ी तबाही

भूकंप बुधवार, 25 जून को आया, जब देश में 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। अधिकांश लोग घरों में मौजूद थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग इमारतों के मलबे में दब गए।

USGS ने जताई बड़े नुकसान की आशंका

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, इस भूकंप में 10 हजार से अधिक लोगों की मौत होने की 44 प्रतिशत संभावना है। वहीं, एक लाख लोगों की जान जाने की आशंका करीब 30 प्रतिशत बताई गई है।

ला गुआइरा में सबसे ज्यादा तबाही

भूकंप और उसके बाद आए आफ्टरशॉक्स से सबसे ज्यादा नुकसान ला गुआइरा राज्य में हुआ है। यहां 70 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। 100 से अधिक इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं, जबकि करीब 250 इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।

रेस्क्यू अभियान में कई देशों की मदद

वेनेजुएला की मदद के लिए कई देशों ने राहत और बचाव दल भेजे हैं।

  • अल सल्वाडोर की 188 सदस्यीय रेस्क्यू टीम राहत सामग्री के साथ पहुंच चुकी है।
  • संयुक्त राष्ट्र (UN) ने अतिरिक्त रेस्क्यू टीमें भेजने और 15 मिलियन डॉलर की आपात सहायता देने की घोषणा की है।
  • अमेरिका ने मेडिकल सहायता, रेस्क्यू टीम और नौसैनिक जहाजों के जरिए मदद भेजी है।
  • कनाडा ने 35 लाख डॉलर की मानवीय सहायता देने का ऐलान किया है।

अस्पतालों में मरीजों की भरमार

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक प्रभावित इलाकों के अस्पताल पूरी तरह भर चुके हैं। सरकार ने घायलों के इलाज के लिए अस्थायी फील्ड हॉस्पिटल शुरू किए हैं। राहत एजेंसियां लगातार मलबा हटाकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।

अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान

विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस प्राकृतिक आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में आपातकाल लागू कर दिया है।

भारत ने भी मदद की पेशकश की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज से बातचीत कर इस त्रासदी पर संवेदना व्यक्त की और भारत की ओर से हरसंभव सहायता देने की पेशकश की है।

भूकंप क्यों आया?

विशेषज्ञों के अनुसार वेनेजुएला कैरेबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है। इन प्लेटों के अचानक खिसकने से 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में और आफ्टरशॉक्स की भी चेतावनी दी है।