राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया। कार्रवाई में एक महिला सब-इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है।
ACB के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की सब-इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे। आरोप है कि जांच में राहत देने और कार्रवाई प्रभावित करने के बदले उन्होंने परिवादी से 2 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत जयपुर के होटल गणगौर में कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
होटल गणगौर में हुई कार्रवाई
ACB की यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई। पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीआईजी ओम प्रकाश मीणा के सुपरविजन में संपन्न हुई।
बताया जा रहा है कि ट्रैप की कार्रवाई ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशों पर की गई।
जांच में जुटी ACB
ट्रैप के बाद ACB की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही रिश्वत मांगने के पूरे घटनाक्रम, मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा का माहौल है, क्योंकि दूसरे राज्य से जांच के लिए आई पुलिस टीम के सदस्यों के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। ACB अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।