रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार पर राजस्थान के बालोतरा जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गिड़ा थाना क्षेत्र के परेऊ गांव में छुट्टी पर घर आए अग्निवीर जवान जोगाराम गोदारा की पानी के टांके (कुंड) में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है। जवान का बड़ा भाई भी सेना में है और उसके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुबह 5 बजे हुआ हादसा, पानी में तैरता मिला शव

जानकारी के मुताबिक, जोगाराम गोदारा करीब 5 दिन पहले ही सेना से छुट्टी लेकर अपने गांव परेऊ (गोदारों की ढाणी) आए थे। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे वह घर के पास बने खुले टांके से पानी निकालने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गए। जब काफी देर तक जोगाराम नजर नहीं आए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजने पर उनका शव टांके में तैरता हुआ मिला।

रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल, गांव में शोक की लहर

हादसे की सूचना मिलते ही गिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। रक्षाबंधन के दिन जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर बाड़मेर के जालीपा कैंट से सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

बड़े भाई के आने का इंतजार

जोगाराम के परिवार में कुल चार भाई हैं। सबसे बड़े भाई सवाई राम भी सेना की आर्टिलरी यूनिट में सिक्किम में तैनात हैं। जोगाराम दूसरे नंबर के थे, जबकि दो छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। भाई की मौत की खबर सुनकर सवाई राम गांव के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद ही पूरे सैन्य सम्मान के साथ जोगाराम का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पुलिस कर रही है जांच

फिलहाल, इस अचानक हुए हादसे को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। गिड़ा थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।