राजस्थान के अजमेर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में 13 साल के एक बच्चे ने कथित तौर पर बेल्ट से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चा अपने बड़े भाई द्वारा मोबाइल वापस नहीं देने से नाराज था। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद

आदर्श नगर थाना प्रभारी छोटूलाल के अनुसार, मृतक बच्चा आठवीं कक्षा में पढ़ता था। उसका बड़ा भाई छुट्टियों में घर आया हुआ था और उसने इस साल दसवीं कक्षा पास की थी। बड़े भाई के पास एंड्रॉयड मोबाइल था, जिसे उसने छोटे भाई को इस्तेमाल करने के लिए दिया हुआ था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम बच्चा मोबाइल पर यूट्यूब वीडियो देख रहा था। इसी दौरान बड़े भाई के दोस्त का फोन आ गया और वह मोबाइल लेकर बाहर जाने लगा। छोटे भाई ने मोबाइल वापस मांगा, लेकिन बड़े भाई ने देने से इनकार कर दिया। इसी बात से बच्चा नाराज हो गया था।

 20 मिनट बाद सामने आया दर्दनाक दृश्य

परिजनों के मुताबिक, विवाद के कुछ समय बाद बच्चा अपने कमरे में चला गया। करीब 20 मिनट बाद जब बड़ा भाई कमरे की तरफ गया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब नीचे से झांककर देखा गया तो बच्चा बेल्ट के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर में दादी, बड़ा भाई और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे, जबकि माता-पिता निजी नौकरी पर गए हुए थे। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

बढ़ती मोबाइल निर्भरता पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत और भावनात्मक संवेदनशीलता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। छोटी-सी बात पर इतना बड़ा कदम उठाना परिवार और समाज दोनों के लिए गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।