अगर आप भी नया घरेलू गैस कनेक्शन (LPG Gas Connection) लेने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। फिलहाल देश में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के नए कनेक्शन जारी करने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। गैस एजेंसियों और कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि मार्च 2026 के बाद से कोई भी नया कनेक्शन जारी नहीं किया जा रहा है। लोग लगातार आवेदन कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग फिलहाल बंद है। इसका मुख्य कारण पश्चिम एशिया में चल रहा भू-राजनीतिक तनाव और सप्लाई चेन में आई रुकावट है।
नए कनेक्शन पर क्यों लगा है बैन?
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पर चल रहे विवाद के कारण भारत में गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। संकट से पहले भारत अपनी जरूरत का 60% एलपीजी आयात करता था, जिसका 90% हिस्सा इसी होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आता था।
सप्लाई बाधित होने के बाद भारत ने अब अमेरिका से LPG और LNG की खरीदारी शुरू कर दी है। मौजूदा समय में भारत अपनी जरूरत का 67 फीसदी एलपीजी अमेरिका से आयात कर रहा है। हालांकि, समुद्री रास्ता लंबा होने के कारण यह सप्लाई न सिर्फ ज्यादा समय ले रही है, बल्कि पश्चिम एशिया के मुकाबले काफी महंगी भी पड़ रही है। इसी अस्थिरता को देखते हुए नए कनेक्शन पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है।
पुराने ग्राहकों की सप्लाई और KYC पर जोर
नए ग्राहकों को भले ही इंतजार करना पड़ रहा हो, लेकिन पुराने कनेक्शन वाले ग्राहकों की रिफिल सप्लाई सुचारू रूप से जारी है। तेल कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स की पहली प्राथमिकता मौजूदा ग्राहकों को बिना किसी रुकावट के गैस पहुंचाना है।
-
KYC अनिवार्य: फर्जी कनेक्शन की पहचान करने और उन्हें हटाने के लिए ग्राहकों पर लगातार ई-केवाईसी (e-KYC) कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
-
रिन्यूअल जारी: जिन ग्राहकों के पुराने कनेक्शन किसी वजह से बंद पड़े हैं, उन्हें रिन्यू किया जा रहा है ताकि वे दोबारा गैस प्राप्त कर सकें।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने क्या कहा?
इस मामले पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया के जरिए स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय के अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक हालात के कारण नए LPG कनेक्शन पर यह रोक एक अस्थायी कदम है। डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश हैं कि वे मौजूदा ग्राहकों की रिफिलिंग को प्राथमिकता दें। अंतरराष्ट्रीय हालात स्थिर होते ही नए कनेक्शन की प्रक्रिया दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।
वहीं, 'द हिंदू' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, FLDI के महासचिव पवन सोनी ने बताया कि फिलहाल देश में गैस सप्लाई की स्थिति सामान्य है, लेकिन भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। तेल कंपनियां पश्चिम एशिया के संकट के बीच कितने जहाज भारत ला पाएंगी, यह स्पष्ट नहीं है।
नए ग्राहकों के लिए क्या है विकल्प?
जो लोग नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें डिस्ट्रीब्यूटर्स की ओर से एक खास विकल्प दिया जा रहा है। आम लोग बड़े सिलेंडरों की जगह 5 किलो और 10 किलो वाले कंपोजिट सिलेंडर आसानी से ले सकते हैं। इसके अलावा, बड़े शहरों में 10 किलो वाला FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर भी लॉन्च किया गया है, जिसे बिना लंबी प्रक्रिया के बुक करके तुरंत मंगाया जा सकता है।