राजस्थान के अजमेर जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक तलाकशुदा महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा दे

कर लंबे समय तक दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। मामले में अलवर गेट थाना पुलिस ने दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का आरोप

मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली महिला ने रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह वर्ष 2007 में हुआ था, लेकिन 2011 में उसका तलाक हो गया। इसके बाद वह अपने पीहर में रहने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान अजमेर निवासी एक युवक से हुई।

शादी का झांसा और शोषण

महिला के अनुसार, वर्ष 2017 में युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और खुद को उसके धर्म से जुड़ा बताकर नाम भी बदल लिया। आरोप है कि उसने शपथ पत्र बनाकर भरोसा जीतने के बाद शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।

ब्लैकमेल और धमकी का आरोप

पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने इन वीडियो का इस्तेमाल कर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया। वर्ष 2026 में उसे पता चला कि युवक ने किसी अन्य महिला से शादी कर ली है, जिसके बाद मामला और बिगड़ गया।

महिला ने बताया कि बाद में आरोपी ने उसे इंदौर बुलाकर यह कहकर समझाने की कोशिश की कि उसकी शादी जबरन कराई गई है और वह उसे छोड़ देगा। लेकिन बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

 पुलिस जांच शुरू

मामला सामने आने के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धारा 67-ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच अधिकारी नरेंद्र जाखड़ द्वारा की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।