राजस्थान के झुंझुनूं जिले में रविवार तड़के एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपली चौक स्थित प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू भाई के घर में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब 85 लाख रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार रात करीब 1:15 बजे 6 से 7 नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ घर में घुसे। बदमाश सीधे कारोबारी शब्बीर सैय्यद के कमरे में पहुंचे और पिस्टल की नोक पर पूरे परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अलमारियों की चाबियां लेकर पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी।

बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे और आराम से कीमती सामान समेटते रहे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर कपड़ों, टेप और बिजली के तारों से बांध दिए। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर उनके जेवर उतरवा लिए। यहां तक कि घर में मौजूद बच्ची के कानों के झुमके भी नहीं छोड़े गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार बदमाश करीब 50 से 60 तोला सोना, सवा से डेढ़ किलो चांदी के आभूषण और डेढ़ से दो लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जाते समय आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए ताकि पहचान के सबूत न बच सकें।

परिवार का कहना है कि बदमाशों को घर और कारोबार की पूरी जानकारी थी। उन्होंने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो और परिवार के सदस्यों के बारे में भी सवाल किए। बदमाशों ने दावा किया कि उन्हें पूरी जानकारी देकर भेजा गया है, जिससे वारदात से पहले रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू जैसे हथियार थे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां भी नजर आई हैं। बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की बताई जा रही है और एक आरोपी के लंगड़ाकर चलने की भी जानकारी मिली है।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस, एफएसएल और एमओबी टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में चार नकाबपोश बदमाशों की संलिप्तता सामने आई है, जबकि परिवार का दावा है कि वारदात में 6 से 7 आरोपी शामिल थे।

फिलहाल पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।