बाड़मेर शहर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब डिस्कॉम ऑफिस के स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। मौके पर धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि उसे नियंत्रित करने के लिए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगातार करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। डिस्कॉम के मुख्य अभियंता एन.के. जोशी ने बताया कि आग में स्टोर में रखे बिजली मीटर, केबल, प्लाईवुड और अन्य स्क्रैप पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, नुकसान का सही आंकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार हुकुमचंद ने बताया कि फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।