बाड़मेर (राजस्थान)। राजस्थान में भजनलाल शर्मा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बाड़मेर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में आरोग्य स्वास्थ्य शिविर तथा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी और चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।यह आयोजन न केवल सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बना, बल्कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के अवसर पर भी विशेष रूप से मनाया गया। अस्पताल परिसर में ब्लड डोनेशन कैंप में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मी और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

बड़ी संख्या में लोग रक्तदान करने पहुंचे, जिससे ब्लड बैंक को काफी मात्रा में रक्त प्राप्त हुआ। रक्तदान करने वालों में युवाओं का विशेष जोश देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं और स्कीमों की विस्तृत प्रदर्शनी लगाई गई। इन स्टॉल्स पर आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, नि:शुल्क दवा व जांच योजना जैसी महत्वपूर्ण स्कीमों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में आए लोगों ने इन योजनाओं के बारे में विस्तार से जाना और सराहना की।मुख्य अतिथियों का अस्पताल प्रशासन द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने विधायकों तथा अन्य अतिथियों को साफा बांधकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वरूप सिंह खारा, देवीलाल कुमावत सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं, जिससे आमजन को सीधी राहत मिल रही है। उन्होंने बाड़मेर जिले की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिला सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से हब बन रहा है।

 इससे न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश और विदेशों में ऊर्जा आपूर्ति मजबूत हो रही है।विधायक मेघवाल ने चौहटन क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बजट में चौहटन को जिला अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है। जल्द ही यह अस्पताल तैयार हो जाएगा, जिससे बाड़मेर जिला अस्पताल पर मरीजों का बोझ काफी कम हो जाएगा और दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।