बाड़मेर जिले में एक सरकारी स्कूल परिसर में नॉनवेज पार्टी करने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पांच लोग नॉनवेज पकाते नजर आ रहे हैं। वहीं पास में एक नाबालिग थाली लेकर आता हुआ दिखाई दे रहा है।
यह मामला बाखासर थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लकड़ासर का बताया जा रहा है, जहां शनिवार शाम करीब 7 बजे यह घटना हुई।
स्कूल के कार्यवाहक प्रिंसिपल मंगलसिंह ने बताया कि स्कूल में गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं और टीचर जनगणना कार्य में लगे हुए हैं। स्कूल भवन के कुछ जर्जर कमरों को गिराया गया था, जिसके मलबे को हटाने के लिए ठेकेदार को काम दिया गया था। इसी दौरान ट्रैक्टर से लेवलिंग के लिए आए कुछ लोगों पर नॉनवेज पार्टी करने का आरोप लगा है।
घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में कुछ युवक स्कूल के बरामदे में घूमते और नॉनवेज बनाने की तैयारी करते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में एक नाबालिग थाली लेकर जाता दिखाई देता है और लोग आपस में बातचीत करते हुए दिखते हैं।
ग्रामीणों द्वारा वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को डिटेन किया, साथ ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) को भी मामले की जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।