महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआती ओवरों में ही दो अहम विकेट गंवा दिए।

मैच की पहली ही गेंद पर शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान की स्पिनर सादिया इकबाल को शानदार छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर किए, लेकिन पांचवीं गेंद पर वही गेंदबाज उन्हें विकेट के पीछे कैच आउट कराने में सफल रही। शेफाली 5 गेंदों में 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। 18 रन के कुल स्कोर पर तस्मिया रुबाब ने उन्हें नतालिया परवेज के हाथों कैच आउट कराया। जेमिमा 7 गेंदों में सिर्फ 1 रन बना सकीं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 20 रन पर दो विकेट था।

हालांकि शुरुआती झटकों के बीच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। एक रन बनाते ही उन्होंने दिग्गज मिताली राज को पीछे छोड़ दिया और महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं।

इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। मैच से पहले टॉस के दौरान भारत और पाकिस्तान की कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ, जिससे भारतीय टीम की 'नो हैंडशेक' नीति पर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई।

महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 16 मुकाबलों में भारत ने 13 जीत दर्ज की हैं, जबकि पाकिस्तान केवल 3 मैच जीत सका है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

अब सभी की नजरें कप्तान हरमनप्रीत कौर और मध्यक्रम की बल्लेबाजों पर हैं, जो टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगी।