बायतु/बाड़मेर। बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में जोधपुर-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दर्जियों की ढाणी के पास डंपर और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बायतु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल बायतु उप जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। पिकअप चालक सहित दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जोधपुर के अस्पताल में जारी है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपर और पिकअप को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

बायतु थाना पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।