केंद्र सरकार ने कॉमर्शियल LPG (एलपीजी) सिलेंडर के वितरण पर लगाई गई पाबंदी को हटा दिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को पहले की तरह बहाल करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से होटल, रेस्टोरेंट संचालकों, कैटरिंग व्यवसाय और शादी समारोहों में गैस सिलेंडर की कमी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्रालय के आदेश के अनुसार अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा और उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि नए घरेलू LPG कनेक्शनों पर लगी रोक अभी भी जारी रहेगी और इस संबंध में कोई नई राहत नहीं दी गई है।
वहीं, बल्क इंडस्ट्री LPG (Bulk LPG) की सप्लाई पर लगी रोक को पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है। सरकार ने औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों को मार्च 2026 से पहले के उपभोग स्तर के 50 प्रतिशत तक LPG सप्लाई की अनुमति दी है।
शादी समारोहों में नहीं होगी गैस की परेशानी
राजस्थान में अब तक शादी समारोहों के लिए अतिरिक्त LPG सिलेंडर प्राप्त करने हेतु जिला रसद अधिकारी से अनुमति लेनी पड़ती थी। आवेदन के आधार पर अधिकतम चार कॉमर्शियल सिलेंडर जारी किए जाते थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को इस प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा और जरूरत के अनुसार कॉमर्शियल सिलेंडर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
ऑयल कंपनियों को डेटाबेस बनाने के निर्देश
केंद्रीय मंत्रालय ने HPCL, BPCL और IOCL को सभी कॉमर्शियल एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं का विस्तृत डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कंपनियों को क्षेत्रवार रिकॉर्ड रखने और PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) अपना चुके उपभोक्ताओं को उसी व्यवस्था पर बनाए रखने को कहा गया है।
कीमतों में भारी बढ़ोतरी से उपभोक्ता पहले ही परेशान
राजस्थान में वर्तमान में 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल LPG सिलेंडर 3,141 रुपये में मिल रहा है। वर्ष 2026 के दौरान इसकी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर तक 1,608 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर 1 जून तक बढ़कर 3,141 रुपये का हो गया। जनवरी से जून के बीच कंपनियां छह बार कीमतें बढ़ा चुकी हैं, जिससे व्यावसायिक उपभोक्ताओं की लागत में भारी इजाफा हुआ है।
सरकार के इस फैसले से जहां कॉमर्शियल गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, वहीं होटल, रेस्टोरेंट और आयोजन उद्योग को राहत मिलने की उम्मीद है।