कॉमर्शियल LPG सिलेंडर पर लगी पाबंदी हटी, होटल-रेस्टोरेंट और शादी समारोहों को बड़ी राहत
केंद्र सरकार ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के वितरण पर लगी रोक हटा दी है।
केंद्र सरकार ने कॉमर्शियल LPG (एलपीजी) सिलेंडर के वितरण पर लगाई गई पाबंदी को हटा दिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को पहले की तरह बहाल करने का फैसला लिया है। इस निर्णय से होटल, रेस्टोरेंट संचालकों, कैटरिंग व्यवसाय और शादी समारोहों में गैस सिलेंडर की कमी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्रालय के आदेश के अनुसार अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा और उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि नए घरेलू LPG कनेक्शनों पर लगी रोक अभी भी जारी रहेगी और इस संबंध में कोई नई राहत नहीं दी गई है।
वहीं, बल्क इंडस्ट्री LPG (Bulk LPG) की सप्लाई पर लगी रोक को पूरी तरह समाप्त नहीं किया गया है। सरकार ने औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों को मार्च 2026 से पहले के उपभोग स्तर के 50 प्रतिशत तक LPG सप्लाई की अनुमति दी है।