उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सड़क हादसे ने कांवड़ यात्रा की खुशियों को मातम में बदल दिया है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर राजस्थान के डीग लौट रहे कांवड़ियों की ट्रॉली को देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि लगभग 15 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज मेरठ के अस्पताल में जारी है।

रात 3 बजे हुआ हादसा, 7 युवक सड़क पर दौड़ रहे थे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 3 बजे मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर हुई। राजस्थान के डीग जिले के अवार गांव के 27 युवक 20 अगस्त को हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गए थे। बीती रात जब वे गंगाजल लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 7 कांवड़िये डाक कांवड़ (गंगाजल) लेकर हाईवे पर दौड़ रहे थे, जबकि बाकी 20 युवक पीछे चल रहे ट्रोले में बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनके ट्रॉले में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में 2 की मौत, दिल्ली रेफर किया गया गंभीर घायल

इस दर्दनाक हादसे में अवार गांव निवासी यशपाल (17 वर्ष) और राजेंद्र (45 वर्ष) की दुखद मौत हो गई। वहीं, एक अन्य कांवड़िये रविंद्र की हालत बेहद गंभीर होने पर उसे तुरंत दिल्ली रेफर कर दिया गया है। अन्य घायल युवकों में जितेंद्र, महेश, गुड्डू शर्मा, महावीर, पुष्पेंद्र, भूरा और सुरेश शामिल हैं, जिनका मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पहली बार कांवड़ लेने गए थे युवक, गांव में पसरा सन्नाटा

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए युवक पहली बार डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। इनमें से एक मृतक अपनी मां का इकलौता सहारा (बेटा) था। घटना की सूचना मिलते ही अवार गांव में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है।

मृतकों और घायलों के परिजन बदहवास हालत में मेरठ पहुंच गए हैं। फिलहाल मृतकों के शव अभी गांव नहीं पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।