हरियाणा के नूंह जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में जयपुर के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के बघौला गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक के नीचे घुस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, NHAI की रेस्क्यू टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे और शीशे काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।

मां, बेटा, बेटी और रिश्तेदार की मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में पूनम (37), उनकी बेटी खुशी (16), बेटा डूग्गी (12) और रिश्तेदार केशव (26) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूनम के पति जवाहर (55) और 3.5 वर्षीय बेटा चेतन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

11 मिनट पहले खड़ा हुआ था ट्रक

जानकारी के मुताबिक, हुंडई अल्काजार कार जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। सुबह करीब 6:35 बजे एक्सप्रेसवे के 64/170 किलोमीटर पॉइंट पर कार सड़क किनारे खड़े केले से भरे ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक सुबह 6:24 बजे ही वहां खड़ा हुआ था और महज 11 मिनट बाद यह हादसा हो गया।

15 दिन पहले हुआ था नाना का निधन

परिजनों ने बताया कि मृतका पूनम के पिता का करीब 15 दिन पहले कैंसर के कारण निधन हुआ था। परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि यह हादसा हो गया। मृतक केशव परिवार का रिश्तेदार था और जयपुर में रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रहा था।

रात में हुई थी आखिरी बात

मृतका पूनम के भाई सोमजाद ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी बहन और परिवार से बातचीत हुई थी। उस समय सभी जयपुर में थे और सब कुछ सामान्य था। शनिवार सुबह पुलिस का फोन आया और हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।