जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में 5 साल की एक बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का शव पड़ोसी के घर में डबल बेड के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बच्ची शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों ने करीब आधे घंटे बाद पुलिस कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में बच्ची पड़ोसी महिला के बच्चों के साथ उसके घर में जाती दिखाई दी, लेकिन बाहर निकलते हुए नजर नहीं आई। इसी आधार पर पुलिस ने महिला के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बच्ची का शव घर के एक कमरे में रखे डबल बेड के अंदर मिला। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर बेड बॉक्स में छिपाया गया था और ऊपर गद्दा रख दिया गया था। कमरे के बाहर ताला भी लगा हुआ था।
बच्ची के पिता ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी पत्नी और आरोपी महिला के बीच पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि उसके बाद दोनों परिवारों के बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी वेस्ट राजेश गुप्ता और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।