जयपुर। जयपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर जयपुर में सप्लाई करते थे। पुलिस से बचने के लिए दोनों जयपुर में दिहाड़ी मजदूर बनकर किराए के मकान में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में और भी अवैध हथियार बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।

मध्य प्रदेश से लाकर जयपुर में करते थे सप्लाई

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ कुलविंदर उर्फ कुलदीप उर्फ अजय गुर्जर (24) और सोमित्रा लोधी (26) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के भिंड-मुरैना इलाके के रहने वाले हैं।

आरोपी जयपुर के खोराबीसल इलाके में मां दुर्गा विहार-5 में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों पिछले करीब तीन साल से जयपुर में रहकर हथियार सप्लाई का काम कर रहे थे।

पुलिस से बचने के लिए बने दिहाड़ी मजदूर

पुलिस जांच में सामने आया कि हथियार तस्करी का शक न हो, इसलिए दोनों आरोपी दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे। हथियारों की डिमांड मिलने पर धर्मेन्द्र के कहने पर सोमित्रा मध्य प्रदेश जाता था और वहां से अवैध हथियार खरीदकर जयपुर लेकर आता था।

इसके बाद इन हथियारों को जयपुर में आगे सप्लाई किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी एक हथियार पर करीब 10 से 15 हजार रुपये का मुनाफा कमाते थे।

घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा

डीएसटी वेस्ट के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लेकर दो तस्कर जयपुर के खोराबीसल इलाके में आए हैं। सूचना के आधार पर डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने शनिवार शाम इलाके में घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2 पिस्टल, 3 मैग्जीन और 5 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दोनों को खोराबीसल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जयपुर में पहले भी बेच चुके हैं हथियार

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जयपुर में बड़ी संख्या में तस्करी कर लाए गए हथियार बेचने की बात कबूल की है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और हथियार खरीदने-बेचने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का फोकस इस बात पर भी है कि मध्य प्रदेश से हथियार जयपुर तक किस नेटवर्क के जरिए पहुंचाए जा रहे थे और जयपुर में इन्हें किन लोगों को सप्लाई किया जाता था। मामले में आगे और गिरफ्तारियां और हथियार बरामद होने की संभावना है।