भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस की एक महिला सब इंस्पेक्टर (SI) और दो हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी जयपुर के एक होटल में दहेज प्रकरण में कार्रवाई के नाम पर रिश्वत की रकम लेते पकड़े गए।

एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बेंगलुरु के एचएएल पुलिस थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर अनीथा, हेड कॉन्स्टेबल यतीश कुमार और हेड कॉन्स्टेबल उल्वप्पा शामिल हैं।

मामले की शुरुआत जयपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से हुई। परिवादी ने एसीबी को बताया कि उसकी बहू द्वारा बेंगलुरु के एचएएल थाने में दर्ज कराए गए दहेज प्रकरण में राहत देने और कार्रवाई प्रभावित करने के बदले पुलिस टीम 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रही है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एडिशनल एसपी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई गई।

रविवार सुबह परिवादी को विधायकपुरी स्थित होटल गणगौर भेजा गया, जहां आरोपी पुलिसकर्मियों ने 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि स्वीकार की। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने होटल में दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान महिला एसआई अनीथा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एसीबी टीम ने तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि उन्हें ब्लड प्रेशर (बीपी) की समस्या थी।

फिलहाल एसीबी की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही रिश्वत मांगने और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।