बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लड़की की सगाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो रिश्तेदार पक्षों के बीच हुए झगड़े में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की चाकू और कैंची से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:20 बजे छत्तरगढ़ क्षेत्र के खारवाली स्थित सुरजनवाली गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की के रिश्ते और सगाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और कैंची से हमला कर दिया।
खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि घटना में सुरजनवाली निवासी अलीशेर पुत्र अब्दे खान, तथा खारवाली निवासी जिंदू खान पुत्र याकूब खान और उसके बेटे करीम खान की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और लंबे समय से रिश्ते को लेकर तनाव चल रहा था।
हमले के दौरान तीनों के पेट में गंभीर वार किए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए छत्तरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया।
तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में विवाद की वजह लड़की की सगाई और पारिवारिक रिश्तों को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद माना जा रहा है।