बीकानेर में लड़की की सगाई को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र समेत 3 की हत्या
बीकानेर के छत्तरगढ़ क्षेत्र में लड़की की सगाई को लेकर दो रिश्तेदार पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू और कैंची से हुए हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लड़की की सगाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो रिश्तेदार पक्षों के बीच हुए झगड़े में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की चाकू और कैंची से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:20 बजे छत्तरगढ़ क्षेत्र के खारवाली स्थित सुरजनवाली गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की के रिश्ते और सगाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और कैंची से हमला कर दिया।
खाजूवाला डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि घटना में सुरजनवाली निवासी अलीशेर पुत्र अब्दे खान, तथा खारवाली निवासी जिंदू खान पुत्र याकूब खान और उसके बेटे करीम खान की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और लंबे समय से रिश्ते को लेकर तनाव चल रहा था।