जोधपुर। जोधपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व NSG कमांडो रतनसिंह को गिरफ्तार किया है। बनाड़ थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात एकता नगर, रमजान का हत्था स्थित उसके आवास पर छापा मारा। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से 1 करोड़ 6 लाख 50 हजार रुपए नकद और करीब 8 किलो अफीम का दूध बरामद हुआ। इसके अलावा एक क्रेटा कार भी जब्त की गई है। जिस मकान में कार्रवाई हुई, उसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। बरामद नकदी और नशीले पदार्थों के बाद पुलिस अब आरोपी की संपत्ति और आय के स्रोत की भी जांच कर रही है।

रातभर चली कार्रवाई, सुबह तक गिने गए नोट

डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि नशा तस्करी के मामले में मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। देर रात शुरू हुई तलाशी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। घर में 500-500 रुपए के नोटों की इतनी गड्डियां मिलीं कि पुलिस टीम को उन्हें गिनने में पूरी रात लग गई। सुबह तक गिनती पूरी होने पर कुल 1.06 करोड़ रुपए से अधिक नकदी बरामद होने की पुष्टि हुई।

असम राइफल्स और NSG में दे चुका है सेवाएं

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रतनसिंह पुत्र हनुमानराम सिंवर जाट पहले असम राइफल्स में जवान रह चुका है। इसके बाद उसने देश के प्रतिष्ठित सुरक्षा बल नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में कमांडो के रूप में भी सेवाएं दी थीं। अब उसी पर नशा तस्करी जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त होने के आरोप लगे हैं।

ड्रग नेटवर्क और कैश के स्रोत की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास मिली 8 किलो अफीम का दूध कहां से लाया गया था और इसे किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था। साथ ही बरामद 1.06 करोड़ रुपए किस कारोबार या गतिविधि से जुड़े हैं, इसकी भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है या नहीं।

संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की भी होगी जांच

जांच एजेंसियां आरोपी की करोड़ों रुपए की संपत्ति, बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।