बाड़मेर। जिले के बाखासर थाना क्षेत्र के अरटी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि पीड़ित के सिर पर करीब 10 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव हो गया और डॉक्टरों को 9 टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को गंभीर हालत में आगे के इलाज के लिए गुजरात रेफर किया गया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर बाखासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
पिता के साथ जमीन को लेकर चल रही थी बातचीत
बाखासर थानाधिकारी गोविंदराम के अनुसार अरटी गांव निवासी 42 वर्षीय श्रवण कुमार अपने पिता भावाराम के साथ जमीन से जुड़े विवाद पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई रमेश कुमार वहां पहुंच गया। आरोप है कि रमेश ने आते ही पिता और बड़े भाई के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी देने लगा।
परिजनों का कहना है कि रमेश को यह जानकारी थी कि श्रवण कुमार के सिर के पहले दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। दिमाग की नस से जुड़ी समस्या के कारण डॉक्टरों ने उन्हें सिर पर चोट से बचने की सलाह दी थी।
पीछे से कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस के अनुसार आरोप है कि विवाद के दौरान रमेश कुमार ने पीछे से आकर श्रवण कुमार के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि कुल्हाड़ी सिर में गहराई तक धंस गई। गंभीर चोट लगते ही श्रवण कुमार जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर से काफी खून बहने लगा।
परिजनों का आरोप है कि हमले के बाद भी आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। इस दौरान श्रवण कुमार की पत्नी और बच्चों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रेफर
घायल को परिजन तुरंत खून से लथपथ हालत में बाखासर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करते हुए सिर पर 9 टांके लगाए। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुजरात रेफर कर दिया गया।
घायल का आरोप- शराब के नशे में किया हमला
घायल श्रवण कुमार ने बताया कि वह रात करीब 8 बजे अपने पिता के साथ तारबंदी तोड़ने के मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई रमेश कुमार शराब के नशे में वहां पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि शोर सुनकर उनकी पत्नी और बच्चे मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी ने उनके पिता पर भी लाठी से हमला करने का प्रयास किया और बाद में मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही जांच
बाखासर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।