बाड़मेर। जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र की ह्यजाणियों की ढाणी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तिजोरी में रखे करीब 61 तोला सोना, 2.75 किलोग्राम चांदी के आभूषण तथा 3 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार रिश्तेदारी में भांजे की शादी में शामिल होने गया हुआ था। घटना का पता अगले दिन घर लौटने पर चला। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पीड़ित रमेश नाई ने गुड़ामालानी थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 6 जुलाई को उनके भांजे की शादी का कार्यक्रम मेड़ा गांव में था। रात में रातीजोगा होने के कारण परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया। सरिये की मदद से कमरे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी व तिजोरी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घर लौटे तो टूटा मिला ताला, तिजोरी थी खाली
अगले दिन परिवार की महिलाएं जब घर लौटीं तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और तिजोरी का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
शादी के लिए ही बैंक लॉकर से निकाले थे गहने
पीड़ित रमेश नाई ने बताया कि परिवार के सभी कीमती आभूषण सुरक्षा की दृष्टि से गुड़ामालानी स्थित बैंक शाखा के लॉकर में रखे हुए थे। भांजे की शादी में पहनने के लिए कुछ दिन पहले ही गहनों को लॉकर से निकालकर घर लाया गया था। बदकिस्मती से इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
चोरी हुए सामान में करीब 61 तोला सोने के आभूषण, जिनमें बाजूबंद, कड़ा, सोने की चेन, मंगलसूत्र, महिलाओं की अंगूठियां, नथ, टॉप्स, झुमके सहित अन्य गहने शामिल हैं। इसके अलावा करीब 2.75 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 3 लाख रुपए नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलने पर गुड़ामालानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद ली गई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।
चोरों की तलाश में गठित की गईं टीमें
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। चोरी की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।