राजधानी जयपुर की आमेर घाटी में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
CCTV में कैद हुआ हादसा
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दोनों बाइकें तेज रफ्तार से आमने-सामने आती दिखाई देती हैं। कुछ ही सेकंड में दोनों की जोरदार भिड़ंत हो जाती है, जिससे दोनों चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ओवरस्पीड को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
7 दिनों में चौथा हादसा
स्थानीय चश्मदीद और दरगाह घाटी वाले बाबा के मुतवल्ली यूनुस खान ने बताया कि इसी स्थान पर कुछ दिन पहले भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें तीन युवक हवा में उछल गए थे और एक युवक की मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह हुआ हादसा पिछले 7 दिनों में चौथा सड़क हादसा है। उनका कहना है कि जब तक इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं बनाए जाएंगे, तब तक ऐसे हादसे लगातार होते रहेंगे।
प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आमेर घाटी के इस संवेदनशील हिस्से में जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
5 दिन पहले भी हुई थी मौत
इसी इलाके में परियों के बाग के पास पांच दिन पहले शाम करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।