जयपुर के सांगानेर इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गोविंदपुरा स्थित गंगा विहार कॉलोनी में एक बदमाश ने सूने मकान का ताला तोड़कर महज तीन मिनट के भीतर दो घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर सांगानेर सदर थाना पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 1:20 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी 1:17 बजे स्कूटी पर सवार होकर मकान के सामने पहुंचता दिखाई देता है। पहले वह मकान का ताला तोड़ता है, फिर बाहर आकर आसपास का जायजा लेता है। जब उसे कोई दिखाई नहीं देता तो वह घर के अंदर से दो घरेलू गैस सिलेंडर निकालकर अपनी स्कूटी के दोनों ओर रखता है और मौके से फरार हो जाता है।
जॉब पर गया था मकान मालिक
जानकारी के अनुसार गोविंदपुरा निवासी गिर्राज प्रसाद सुबह घर पर ताला लगाकर अपनी नौकरी पर चले गए थे। इसी दौरान बदमाश ने सूने मकान को निशाना बनाया। शाम करीब 4:45 बजे जब वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे में रखे दोनों गैस सिलेंडर गायब थे।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी की पूरी गतिविधि साफ दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने कॉलोनी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।