Jaipur Crime: दिनदहाड़े घर का ताला तोड़ 3 मिनट में दो गैस सिलेंडर चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
जयपुर के सांगानेर इलाके में दिनदहाड़े एक सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश महज तीन मिनट में दो घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गया।
जयपुर के सांगानेर इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। गोविंदपुरा स्थित गंगा विहार कॉलोनी में एक बदमाश ने सूने मकान का ताला तोड़कर महज तीन मिनट के भीतर दो घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर सांगानेर सदर थाना पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 1:20 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी 1:17 बजे स्कूटी पर सवार होकर मकान के सामने पहुंचता दिखाई देता है। पहले वह मकान का ताला तोड़ता है, फिर बाहर आकर आसपास का जायजा लेता है। जब उसे कोई दिखाई नहीं देता तो वह घर के अंदर से दो घरेलू गैस सिलेंडर निकालकर अपनी स्कूटी के दोनों ओर रखता है और मौके से फरार हो जाता है।
जॉब पर गया था मकान मालिक
जानकारी के अनुसार गोविंदपुरा निवासी गिर्राज प्रसाद सुबह घर पर ताला लगाकर अपनी नौकरी पर चले गए थे। इसी दौरान बदमाश ने सूने मकान को निशाना बनाया। शाम करीब 4:45 बजे जब वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे में रखे दोनों गैस सिलेंडर गायब थे।