बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित कितासर के पास बुधवार देर रात तीन वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। तीनों वाहनों में सवार सभी आठ लोग सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार हाईवे पर एक आई-20 कार और फॉर्च्यूनर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉर्च्यूनर चालक वाहन को संभाल पाता, उससे पहले ही पीछे से आ रही एक अन्य कार भी फॉर्च्यूनर से जा भिड़ी। देखते ही देखते तीनों वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।

बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर में सवार तीन लोग सालासर बालाजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी सवार सुरक्षित बाहर निकल आए। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।