राजस्थान के कोटा ग्रामीण जिले के सीमलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को महज 8 घंटे के भीतर दो अलग-अलग हत्याओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। पहली वारदात खेत की बाड़ के विवाद को लेकर हुई, जबकि दूसरी घटना शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुए विवाद के बाद सामने आई। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को करीब आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
खेत की बाड़ के विवाद में रिटायर्ड शिक्षक की हत्या
पहली घटना शाम करीब 6 बजे मंडोला गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक बद्रीलाल मीणा (65) अपने खेत पर मौजूद थे। चार साल पहले नौकरी से रिटायर होने के बाद वे खेती कर रहे थे।
इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक और ज्वेलरी कारोबारी अंकुर उर्फ सारंगी से खेत की बाड़ को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बद्रीलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शराब के विवाद में भाई ने भाई की ले ली जान
दूसरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मोतिकुआ गांव में हुई। यहां हेमराज लश्करी और उसका भाई राजू लश्करी (45) साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि गुस्से में आए हेमराज ने लकड़ी से राजू पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल राजू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही कोटा ग्रामीण पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने दोनों मामलों में विशेष टीमें गठित कीं और सीमलिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों का विस्तृत खुलासा जल्द किया जा सकता है।